बल्दीराय (सुल्तानपुर)। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हलियापुर थाना क्षेत्र के नोखे का पुरवा मजरे मेघमऊ गांव के पास शुक्रवार की रात लखनऊ से गाजीपुर जा रही पिकअप में पीछे से कार ने टक्कर मार दी। इससे पिकअप पलट गई। दुर्घटना में कार पर सवार पांच व पिकअप पर सवार चार लोग घायल हो गए। घायलों को यूपीडा कर्मियों की मदद से कुमारगंज पिठला अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन सभी को अयोध्या मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
आजमगढ़ जिले के जहानागंज, चिरैयाकोट निवासी शास्त्री यादव (35), इंद्रजीत यादव (45), अंजलि यादव (21), नीलम यादव (16) व आदित्य यादव (19) शुक्रवार की रात लखनऊ से कार से आजमगढ़ जाने के लिए निकले थे। वे सभी पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के रास्ते से आजमगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान हलियापुर थाना क्षेत्र के नोखे का पुरवा मजरे मेघमऊ गांव के पास उनकी कार ने अचानक आगे जा रही पिकअप को पीछे से टक्कर मार दी। इससे पिकअप पलट गई।
दुर्घटना में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में कार पर सवार पांच लोग व पिकअप पर सवार रोहित श्रीवास्तव (25) व प्रताप (26) निवासी लखनऊ, संतोष (22) निवासी आजमगढ़ व इंद्रपाल (27) निवासी सीतापुर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की जानकारी होने पर पहुंचे यूपीडा कर्मियाें ने घायलों को एंबुलेंस से पिठला अस्पताल कुमारगंज भेजा। वहां से हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन सभी को मेडिकल कॉलेज अयोध्या रेफर कर दिया।
दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर बहाल कराया यातायात
यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी रामचंद्र वर्मा, परमात्मा सिंह ने बताया कि दुर्घटना रात करीब 11 बजे हुई है। घायलों को अस्पताल भेजने के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात बहाल करवाया गया है।