लंभुआ। स्थानीय कस्बा क्षेत्र के सर्वोदयनगर में बुधवार रात कुछ लोगों ने धारदार हथियार से एक व्यापारी पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे स्थानीय अस्पताल से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पीड़ित व्यापारी के छोटे भाई की तहरीर पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
लंभुआ नगर पंचायत के सर्वोदयनगर निवासी व्यापारी विजय अग्रहरि के बड़े भाई द्वारिका प्रसाद अग्रहरि (50) बुधवार रात खाना खाने के बाद दरवाजे पर हाथ-मुंह धो रहे थे। आरोप है कि तभी उसी वार्ड के निवासी मोहित कुमार, दिनेश कुमार, गुड्डू, सोहित, मोतीलाल व अन्य लोग हथियार लेकर आए और द्वारिका प्रसाद पर हमला कर दिए। उन्हें जख्मी करके जान से मारने की धमकी देते हुए हमलावर फरार हो गए।
इस घटना की रिकॉर्डिंग मोबाइल व सीसीटीवी कैमरे में की गई है। हमले में घायल व्यापारी द्वारिका प्रसाद को स्थानीय अस्पताल से चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इस संबंध में लंभुआ कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत त्रिपाठी ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।