मोतिगरपुर सीएचसी में किशोरों के परिजन को ढाढ़स बंधाते लोग। -संवाद
मोतिगरपुर (सुल्तानपुर)। लखनऊ-बलिया हाईवे पर स्थित पारसपट्टी के पास बृहस्पतिवार देर शाम एक बाइक पर सवार तीन किशोरों को तेज रफ्तार बस ने रौंद दिया। दो किशोरों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के डड़वाकलां गांव निवासी अंकित यादव (17) बृहस्पतिवार देर शाम गांव के ही सचिन (16) और अवनीश यादव (15) को बाइक पर बैठाकर पांडेय बाबा बाजार सब्जी खरीदने जा रहा था। पारसपट्टी के पास कादीपुर से सुल्तानपुर की ओर जा रही एक बस ने सामने से बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में बाइक के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही अंकित और सचिन की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल अवनीश को स्थानीय लोगों ने सीएचसी पहुंचाया जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दुर्घटना के बाद बस चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
सड़क हादसे में एक साथ दो किशोरों की मौत की सूचना जैसे ही डड़वाकलां गांव पहुंची तो हर कोई सीधे सीएचसी के लिए रवाना हो गया। सीएचसी पहुंचने पर सभी रोने-चिल्लाने लगा। परिजनों की आंखों से जहां आंसू नहीं थम रहे हैं तो ग्रामीणों के मुंह से बार-बार यहीं निकल रहा है कि हे भगवान ये क्या हो गया।
हादसे में अंकित की मौत से मां कंचन और पिता शिव सागर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सीएचसी पहुंचे माता-पिता को लोग ढांढस बंधाते दिखे। लोगों ने बताया कि अंकित दो भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई अंशित है। हादसे में सचिन की मौत से मां तारा बेसुध हैं। पिता दिनेश भी रोते दिखे। सचिन भी भाइयों में बड़ा था। छोटा भाई शिवांश है।