सुल्तानपुर। सराफा डकैती कांड का मास्टरमाइंड गैंगस्टर विपिन सिंह बृहस्पतिवार को पुलिस की कड़ी सुरक्षा में सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया। सीजेएम नवनीत सिंह ने उसका सराफा डकैती कांड में रिमांड बनाकर 17 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है। रिमांड की कार्रवाई होने के बाद पुलिस विपिन को रायबरेली जेल में दाखिल करने ले गई है। विवेचक को विपिन का बयान लेने की अनुमति भी मिल गई है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के चौक स्थित भरत जी सोनी की सराफा की दुकान से बीते 28 अगस्त को दिनदहाड़े हुई डकैती का मास्टरमाइंड अमेठी जिले के मोहनगंज थाने के भवानीपुर गांव का विपिन सिंह है। पुलिस की बढ़ रही घेराबंदी के बीच विपिन सिंह बीते 29 अगस्त को एक पुराने मामले में जमानत उठवाकर रायबरेली जिले की कोर्ट में समर्पण कर जेल चला गया था। उसके समर्पण करने की जानकारी पर पुलिस ने उसे सुल्तानपुर लाने की कार्रवाई शुरू कर दी थी।
सराफा डकैती कांड की विवेचना कर रहे नगर कोतवाल एके द्विवेदी की अर्जी पर सीजेएम नवनीत सिंह ने विपिन सिंह के खिलाफ वारंट बी जारी करने का आदेश दिया था। कोर्ट से मिले वारंट बी को पुलिस ने रायबरेली जेल में तामील कराया था। बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के साथ पुलिस ने आरोपी विपिन सिंह को रायबरेली जेल से लाकर सीजेएम नवनीत सिंह की कोर्ट में पेश किया। सीजेएम ने आरोपी का सराफा डकैती कांड में रिमांड बनाकर 17 सितंबर तक न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया है।
बयान लेने की विवेचक को मिली अनुमति
सराफा डकैती कांड के मास्टरमाइंड गैंगस्टर विपिन सिंह का बयान पुलिस जेल में लेगी। सीजेएम नवनीत सिंह ने विवेचक नगर कोतवाल एके द्विवेदी की अर्जी पर आरोपी से रायबरेली जेल में बयान लेने की अनुमति दे दी है।