कादीपुर (सुल्तानपुर)। ढाबे में खाना खाने के दौरान भाई के साथ हुई मारपीट का बदला लेने आए कुछ लोगों ने दूसरे पक्ष के युवक को सुलह के बहाने बुलाया। फिर उसे तीन गोलियां मार दीं। गंभीर रूप से घायल युवक को लखनऊ रेफर किया गया है। उधर, एसपी ने घटनास्थल पर पहुंचकर आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन टीमें गठित की हैं।
शुक्रवार शाम क्षेत्र के राईबिगो गांव के अनुपम सिंह पुत्र रन बहादुर सिंह अपने दो मित्रों के साथ कादीपुर-सुल्तानपुर मार्ग पर वरवारीपुर गांव के पास काजल ढाबे पर खाना खाने गए थे। यहीं कटसारी गांव के विवेक सिंह अपने चार साथियों के साथ खाना खा रहे थे। आरोप है कि जब अनुपम सिंह खाना खाकर पैसा देने गए तब विवेक ने उनसे गाली गलौज और मारपीट की। इससे दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
आरोप है कि रात दस बजे कटसारी के भगत सिंह ने अनुपम सिंह के भाई अविनाश सिंह को फोन करके सुलह के लिए बुलाया। घर से थोड़ी दूर पर ही अविनाश सिंह अपने मित्र लकी सिंह एवं विपिन के साथ आए। तभी विपक्षियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें अविनाश सिंह उर्फ शुभम (30) को एक गोली सीने, दूसरी दाहिने हाथ और तीसरी गोली बाएं पैर पर लगी। आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़े तो हमलावर भाग निकले। घायल को जिला अस्पताल से ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक सोमेन वर्मा, एएसपी सुरेश चंद्रा, सीओ विनय गौतम, प्रभारी निरीक्षक अशोक कुमार सिंह ने घटनास्थल पर छानबीन की।
पांच के खिलाफ जानलेवा हमले का केस
पीड़ित के भाई वैभव सिंह की तहरीर पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया है। पुलिस ने कटसारी के भगत सिंह, विवेक सिंह, रोहित सिंह, उत्कर्ष सिंह एवं मोतिगरपुर थाने के बढ़ौना डीह गांव के आयुष सिंह उर्फ वीरू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें बनी हैं। सभी टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। शीघ्र ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
- अशोक कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक