सुल्तानपुर। नाम निर्देशन के पांचवें दिन शुक्रवार को बसपा प्रत्याशी समेत चार ने नामांकन किया। प्रदेश अध्यक्ष व समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे बसपा प्रत्याशी ने तीन सेट में नाम निर्देशन किया। नामांकन को देखते हुए गेट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही।
नामांकन के लिए बसपा प्रत्याशी व जिला पंचायत सदस्य उदराज वर्मा अपने गांव इशहाकपुर से जुलूस के साथ पांचोंपीरन पहुंचे। उनके साथ पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, मंडल कोऑडिनेटर घनश्यामचंद्र खरवार, जियालाल त्यागी, पूर्व एमएलसी डॉ. ओमप्रकाश त्रिपाठी व जिलाध्यक्ष सुरेश गौतम समेत अन्य मौजूद रहे। लोकसभा चुनाव में पहली बार तकदीर आजमा रहे उदराज वर्मा ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर तीन सेट में अपना नामांकन पत्र जिला निर्वाचन अधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना को सौंपा। नामांकन को पहुंचे बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने अपने प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित बताई।
इसके साथ ही निर्दलीयों में मोहम्मद आसिफ, अशोक कुमार, आदर्शवादी कांग्रेस पार्टी की उर्मिला तिवारी ने डीएम न्यायालय कक्ष में एक-एक सेट में पर्चा भरा। नामांकन के पांचवें दिन तक नाम निर्देशन करने वाले लोगों की संख्या आठ हो गई है। शुक्रवार को कोई नामांकन पत्र नहीं लिया गया। अभी तक राजनीतिक पार्टियों समेत 32 लोगों ने 56 पर्चा लिया है। नाम निर्देशन को देखते हुए बैरिकेडिंग व कलेक्ट्रेट गेट पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही। हालांकि बसपा प्रत्याशी के नामांकन के बाद आवाजाही में ढील दे दी गई। एसपी सोमेन बर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।