सुल्तानपुर। पहली बार लोकसभा चुनाव में तकदीर आजमाने का मौका पाए बसपा प्रत्याशी भी करोड़पति हैं। महज तीन साल में वह लखपति से करोड़पति बन गए हैं। खास बात यह है कि उन्होंने स्वयं विभिन्न व्यवसाय करके अपनी चल व अचल संपत्ति बढ़ाई है।
वर्ष 2021 में जिला पंचायत चुनाव के लिए किए गए नामांकन में लगे संपत्ति के ब्योरे के मुताबिक उस समय उनके पास 50 हजार नकदी के साथ ही सवा लाख के आभूषण, 10 लाख की एक स्कार्पियो, एक स्विफ्ट डिजायर समेत करीब 30 लाख रुपये की कृषि व आवासीय भूमि मौजूद रही। तीन साल बीतते बसपा प्रत्याशी के पास करीब तीन लाख 15 हजार नकदी, विभिन्न बैंक खातों में 70 हजार रुपये, व्यावसायिक कंपनियों में हिस्सेदारी व संचालन में करीब पौने 18 लाख, राष्ट्रीय बचत और एलआईसी समेत अन्य कंपनियों में करीब साढ़े छह लाख की पालिसी, फर्मों को करीब पांच लाख का कर्ज दिया है।
करीब पांच लाख रुपये के आयकरदाता बसपा प्रत्याशी के पास नकदी, शेयर, बैंक बैलेंस व विभिन्न व्यावसायिक कंपनियों में करीब 52 लाख रुपये लगाए हैं। इसमें करीब पांच लाख रुपये के आभूषण भी शामिल हैं। इसके साथ ही आवासीय, कृषि, अपार्टमेंट समेत एक करोड़ सात लाख रुपये की संपत्ति बनाई है। लोकसभा चुनाव में दाखिल शपथ पत्र के मुताबिक उनके पास करीब डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक की चल और अचल संपत्ति है।
स्नातक पास बसपा प्रत्याशी सबसे युवा
बसपा से पहली बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे उदराज वर्मा अभी तक नामांकन करने वालों में सबसे युवा प्रत्याशी हैं। स्नातक पास बसपा प्रत्याशी की उम्र करीब 33 साल है। मौजूदा समय में वह जिला पंचायत के वार्ड संख्या 20 से जिला पंचायत सदस्य हैं। फिलहाल वह हथियारों के शौकीन नहीं हैं और न ही उनके खिलाफ कोई केस है।