सुल्तानपुर। सपा का टिकट दोबारा पाने के लिए संघर्षरत भीम ने हर चाल आजमा ली है, लेकिन सपा मुखिया अखिलेश यादव से उनकी भेंट नहीं हो पाई है। फिर भी भीम का दावा है कि टिकट उन्हें मिलेगा। क्योंकि संदेश पार्टी अध्यक्ष तक पहुंच गया है।
टिकट कटने के बाद से भीम निषाद लगातार दोबारा टिकट पाने की जद्दोजहद में जुटे हैं। जिले में सपा नेताओं से अपने बिगड़े संबंध सुधारने में भी वे लगे हुए हैं। साथ ही अपने समर्थक कार्यकर्ताओं व नेताओं के बूते हाईकमान तक यह संदेश पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं कि वे ही निषाद समाज के जमीनी नेता हैं। उनके लड़ने पर ही निषाद मत सुल्तानपुर में पार्टी को मिल सकेंगे। यही नहीं वे यह भी दावा कर रहे हैं कि सुल्तानपुर से लेकर आजमगढ़, अंबेडकरनगर और गोरखपुर तक उनके समर्थक हैं, जिनका लाभ सपा को मिलेगा।
बहरहाल पार्टी की ओर से उन्हें अभी कोई संकेत नहीं मिले हैं। इसके बावजूद भीम निषाद का दावा है कि उनकी बात पार्टी अध्यक्ष तक पहुंच गई है। फोन पर हुई बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि उन्हें सपा की और सपा को उनकी जरूरत है। पार्टी अध्यक्ष के कहने पर ही वे चुनाव लड़ने आए थे। इसलिए शुक्रवार को उनका टिकट कन्फर्म हो जाएगा।