सुल्तानपुर। कंदरोड़ी व जम्मूतवी स्टेशनों पर ट्रैक मेंटीनेंस कार्य के चलते शुक्रवार से 19 सितंबर तक बेगमपुरा एक्सप्रेस को पठानकोट तक ही संचालित किया जाएगा। सुल्तानपुर से जम्मूतवी जाने वाले यात्रियों को पठानकोट से जम्मूतवी जाने के लिए दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ेगा।
इन दिनों वाराणसी की प्रमुख ट्रेन बेगमपुरा एक्सप्रेस का संचालन प्रतिदिन सुल्तानपुर से किया जा रहा है। रेलवे की ओर से जम्मूतवी व कंदरोड़ी स्टेशन यार्ड में ट्रैक के मेंटीनेंस समेत अन्य कई काम कराए जाने हैं। इस वजह से जम्मूतवी व कंदरोड़ी के बीच कई ट्रेनों का संचालन निरस्त किया गया है।
बृहस्पतिवार को जाने वाली बेगमपुरा एक्सप्रेस शुक्रवार को पठानकोट तक ही जाएगी। यह ट्रेन नियमित रूप से 19 सितंबर तक पठानकोट तक ही जाएगी। वहीं जम्मूतवी से सुल्तानपुर आने वाली बेगमपुरा डाउन एक्सप्रेस के भी आरंभिक स्टेशन में परिवर्तन किया गया है। बेगमपुरा डाउन एक्सप्रेस भी शुक्रवार से 19 सितंबर के बीच जम्मूतवी के बजाय पठानकोट से संचालित की जाएगी।
यह जानकारी देते हुए रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि मेंटीनेंस का काम पूरा होने तक जम्मूतवी जाने वाले यात्रियों को पठानकोट से दूसरे साधनों का सहारा लेना पड़ेगा। जम्मूतवी व कंदरोड़ी स्टेशन पर ट्रैफिक ब्लॉक की वजह से पांच दिनों तक यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
कल सुल्तानपुर से चलेगी वाराणसी-अहमदाबाद एक्सप्रेस
सुल्तानपुर स्टेशन से शनिवार को वाराणसी की तीसरी प्रमुख ट्रेन वाराणसी-अहमदाबाद का संचालन होगा। शुक्रवार को वाराणसी-अहमदाबाद की रैक सुल्तानपुर आएगी। वाशिंग लाइन में रैक की साफ-सफाई व मेंटीनेंस का काम होगा। इसके बाद शनिवार को ट्रेन का संचालन सुल्तानपुर से किया जाएगा। स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना ने इसकी जानकारी दी है।