सुल्तानपुर। लंपी के संक्रमण को देखते हुए जिले में गोआश्रय स्थलों में नए पशुओं को रखने व पशु मेले के आयोजन पर 31 अक्तूबर तक रोक लगा दी गई है। स्थिति को देखते हुए आगे का निर्णय लिया जाएगा। इसके साथ ही लंपी पर काबू पाने के लिए संक्रमण वाले क्षेत्रों के आसपास पशुओं का पूरा टीकाकरण कराने का निर्देश दिया गया है।
जिले में लंपी पर रोकथाम के लिए सोमवार को मुख्य विकास अधिकारी अंकुर कौशिक ने पशु पालन समेत संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में लंपी से प्रभावित पशुओं व टीकाकरण की जानकारी ली। संक्रमण में बढ़ोतरी के मद्देनजर सीडीओ ने जिले में लगने वाले पशु मेले, हाट पर 31 अक्तूबर तक प्रतिबंध लगा दिया है। इसके साथ ही विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं व ग्राम पंचायतों की ओर से संचालित गोवंश आश्रय स्थलों में निराश्रित गोवंशों को 31 अक्तूबर तक रखने पर प्रतिबंध लगा दिया है।
सीडीओ ने प्रभावित गांवों के आसपास व सुरक्षित पशुुुुओं का टीकाकरण जल्द कराने का निर्देश दिया है। साथ ही संक्रमित गोवंशों को जल्द ठीक करने के लिए उचित उपचार का निर्देश दिया। इस मौके पर पीडी केके पांडेय व प्रभारी सीवीओ डॉ. शिवशंकर यादव समेत अन्य मौजूद रहे।