सुल्तानपुर। 298 आंगनबाड़ी केंद्रों के करीब 17 हजार लाभार्थियों को जल्द ही हॉटकुक्ड मिलने लगेगा। बाल विकास विभाग इन सेंटरों के लिए बर्तन व सिलिंडर खरीदेगा। निदेशालय के निर्देश पर प्रस्ताव भेजने की तैयारी चल रही है।
बाल विकास विभाग की ओर से पिछले वर्ष हॉटकुक्ड योजना शुरू की गई थी। इसमें प्राथमिक विद्यालयों में संचालित केंद्रों पर बाल विकास विभाग में योजना लागू होते ही भोजन मिलने लगा था। हालांकि करीब सात सौ केंद्रों पर बर्तन व सिलिंडर न होने से योजना शुरू नहीं हो सकी थी। शासन के निर्देश पर बाल विकास विभाग ने पंचायतराज विभाग को सूचना देते हुए ग्राम पंचायतों से खरीद करवाने को कहा था। करीब साल भर बाद भी 298 केंद्रों पर बर्तन व सिलिंडर नहीं खरीदे जा सके। पंचायतराज विभाग के मुताबिक छोटी ग्राम पंचायतें होने की वजह से खरीद में दिक्कत आ रही थी। इसे देखते हुए बाल विकास निदेशालय ने विभाग को खरीद का निर्देश देते हुए प्रस्ताव मांगा था। निर्देश पर विभाग की ओर से केंद्रवार बर्तनों व सिलिंडरों का प्रस्ताव बनाया जा रहा है। विभाग के मुताबिक एक केंद्र पर बर्तन व सिलिंडरों की खरीद पर करीब 10 से 12 हजार रुपये खर्च आएगा। 298 केंद्रों पर बर्तन व सिलिंडर खरीद में करीब 30 लाख रुपये का खर्च आने की संभावना है।
केंद्रों व ग्राम पंचायतों से कराई जाएगी बर्तनों की खरीद
जिला कार्यक्रम अधिकारी रवीश्वर राव ने बताया कि प्रस्ताव तैयार करके धनराशि की मांग की जा रही है। धनराशि मिलते ही आंगनबाड़ी केंद्रों व पंचायतों को धनराशि भेजकर बर्तन व सिलिंडर की खरीद होगी। इसके बाद हॉटकुक्ड योजना शुरू कर दी जाएगी।