सुल्तानपुर। बच्चों को पढ़ाकर बाइक से घर लौट रहे मदरसा शिक्षक पर एक युवक ने लाठी से हमला कर घायल कर दिया। घायल शिक्षक को सीएचसी में भर्ती कराया गया है।
यह घटना बल्दीराय क्षेत्र के मदरसा जामिया मुस्तफा कादरिया इब्राहिमपुर वलीपुर में सहायक अध्यापक मोहम्मद जाकिर के साथ हुई। रविवार को मदरसा बंद होने के बाद जाकिर बाइक से अपने घर जा रहे थे। वलीपुर पुलिस चौकी के नजदीक सेमटी गांव के पास पहले से घात लगाकर बैठे एक युवक ने लाठी से मोहम्मद जाकिर पर हमलाकर दिया। इस हमले में जाकिर बाइक से नीचे गिर गए। जाकिर जब तक कुछ समझ पाते युवक ने लाठी से उनकी पिटाई करके लहूलुहान कर दिया। घटना के वक्त उधर से गुजर रहे लोगों की मदद से जाकिर को सीएचसी पहुंचाया गया। पुलिस का कहना है कि पीड़ित शिक्षक ने अज्ञात युवक के खिलाफ तहरीर दी है। घटना की जांच की जा रही है।