चांदा के किंदीपुर विद्युत उपकेंद्र का घेराव करते ग्रामीणों को समझाते एक्सईएन व एसडीओ। -संवाद
चांदा (सुल्तानपुर)। किंदीपुर उपकेंद्र से जुड़े 40 हजार उपभोक्ता पिछले एक सप्ताह से बिजली संकट की परेशानी से जूझ रहे हैं। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर उपकेंद्र का घेराव कर अधिशासी अभियंता समेत अन्य कर्मचारियों को बंधक बना लिया। मौके पर पहुंची पुलिस व बिजली विभाग के आला अफसरों ने ग्रामीणों को छह घंटे बिजली सप्लाई देने का भरोसा दिला कर स्थिति को बिगड़ने से बचाया। अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद ही ग्रामीणों ने अपना घेराव व प्रदर्शन खत्म किया।
सप्ताह भर से बेपटरी हुई इलाके की विद्युत आपूर्ति बृहस्पतिवार की शाम पूरी तरह से ठप हो गई थी। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने शनिवार की देर शाम किंदीपुर उपकेंद्र का घेराव किया। इस दौरान तकनीकी फाल्ट दूर कराने के लिए उपकेंद्र के अंदर मौजूद एक्सईएन जगदीश पटेल, एसडीओ चांदा अमित दुबे, अवर अभियंता प्रकाश यादव समेत अन्य विद्युत कर्मचारियों को उपभोक्ताओं ने परिसर के अंदर ही बंधक बनाकर उपकेंद्र पर बाहर से ताला लगा दिया।
मौके पर बिजली विभाग के एक्सईएन जगदीश पटेल ने उपभोक्ताओं को लिखित भरोसा दिलाया कि अब इलाके में छह-छह घंटे बिजली आपूर्ति हर संभव स्तर पर सुनिश्चित कराई जाएगी। इस आश्वासन के बाद नाराज उपभोक्ता ने अपना विरोध प्रदर्शन खत्म किया।