सुल्तानपुरकूरेभार। गुप्तारगंज कस्बेे में रविवार की रात युवा व्यापारी राजेश उर्फ रोहित जायसवाल की हत्या को लेकर गुस्सा अभी शांत नहीं हुआ है। अंतिम संस्कार के बाद व्यापारी संगठन थानाध्यक्ष पर कार्रवाई समेत अपनी मांगों को लेकर अड़े हैं।
करीब 10 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर रविवार की रात व्यापारी रोहित की हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद सोमवार को दिनभर व्यापारियों ने विरोध किया था। परिजनों ने भी पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर करने, मुआवजा दिए जाने समेत कई मांगें प्रशासन के सामने रखी थीं, जिन्हें पूरा कराए जाने का आश्वासन मिलने के बाद सोमवार की रात ही घर के पीछे बाग में मृतक का दाह संंस्कार किया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को तो गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन अन्य आरोपी अभी फरार हैं।
इस बीच भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी प्रतिनिधिमंडल के साथ एडीएम प्रशासन से मिले। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार ने 50 लाख रुपये मुआवजा और थानाध्यक्ष को निलंबित करने की जाे मांगें की थीं। उन्हें शीघ्र पूरा कराया जाए। उनके साथ प्रदेश संगठन मंत्री अनूप श्रीवास्तव, सत्यनारायण मोदनवाल, राजेंद्र कसौधन, शीतल अग्रहरि व सौरभ जायसवाल मौजूद रहे।
वहीं, कटका क्लब सामाजिक संस्था ने भी सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन देकर इस घटना की निंदा की और पीड़ित परिवार को एक करोड़ मुआवजा दिए जाने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में सौरभ मिश्र, आकाश सिंह, संतोष कुमार गुप्त, प्रितेश यादव व बृजेंद्र मिश्र आदि शामिल रहे।
जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के जिलाध्यक्ष विजय प्रताप सिंह व नगर अध्यक्ष आनंद पांडेय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने एएसपी को ज्ञापन देकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की। फिर पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी। कहा कि जब तक न्याय नहीं मिल जाता, संगठन उनके साथ है। इस मौके पर एजाज अहमद, सईद अहमद, राम तीरथ सोनी, बृजेश वर्मा, दिनेश मिश्र व जुबेर अहमद आदि मौजूद रहे।
उधर, नगर विधायक विनोद सिंह शहर से बाहर होने के बावजूद इस हत्याकांड को लेकर लगातार अधिकारियों के संपर्क में हैं। मंगलवार को उनके पुत्र पुलकित सिंह ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि उनका परिवार पीड़ित के साथ है। जहां भी जरूरत पड़ेगी, वे सहयोग के लिए तत्पर रहेंगे।