मोतिगरपुर (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के हरसायन नागापुर के छेदुवारी गांव में लखनऊ-बलिया राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 28 वर्ष पुरानी प्रतिमा को अराजकतत्वों ने सोमवार की रात क्षतिग्रस्त कर दिया। मंगलवार को सुबह लोगों को इसकी जानकारी हुई तो पुलिस को मामले की सूचना दी गई। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने मामले की शिकायत अधिकारियों से की है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के छेदुवारी गांव में मंंगलवार को हाईवे के किनारे स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले ने तूल पकड़ लिया। बड़ी संख्या में एकत्र ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर उच्चाधिकारियों से शिकायत की। एसडीएम जयसिंहपुर संतोष कुमार ओझा के निर्देश पर पुलिस ने बाजार से कपड़ा मंगाकर प्रतिमा को ढक दिया। वर्ष 1996 में गांव के आधा दर्जन लोगों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा लखनऊ-बलिया हाईवे के किनारे स्थापित की थी।
प्रति वर्ष दो अक्तूबर को यहां पर गांधी जयंती मनाई जाती है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होने के मामले में विभिन्न राजनीतिक दलों के लोगों ने इसकी निंदा भी की है। इस संबंध में मोतिरगरपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक तरुण कुमार पटेल ने बताया कि अभी किसी की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। मामले की छानबीन की जा रही है।