सुल्तानपुर। तीन दिवसीय मंडलीय युवा क्रीड़ा प्रतियोगिता के सीनियर बालक वर्ग के 800 मीटर दौड़ में अंबेडकरनगर के रामविशाल अव्वल रहे। वहीं, बालिका वर्ग में अमेठी की बौद्ध कुमारी व अंबेडकरनगर की श्रेया राज संयुक्त रूप से पहले स्थान पर रहीं। मंडलीय युवा क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने किया।
अयोध्या मंडल की 65वीं मंडलीय युवा क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता के तीन दिवसीय कार्यक्रम का आगाज बुधवार को विश्वनाथ इंटर कॉलेज कलान में किया गया। खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार गिरीश चंद्र यादव ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाहगंज विधायक रमेश सिंह ने की। खेल मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार खेलों की ओर विशेष ध्यान दे रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में युवा प्रतिभाएं पढ़ाई के साथ-साथ खेल को भी महत्व दें।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के साथ शुरू हुए समारोह के बाद सीनियर बालक वर्ग व बालिका वर्ग की 800 मीटर दौड़ मुख्य अतिथि के समक्ष कराई गई। इसमें बालक वर्ग में अंबेडकरनगर के रामविशाल प्रथम, अमेठी के प्रदीप कुमार शर्मा द्वितीय और सुल्तानपुर के मोहित यादव तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग की प्रतियोगिता में अमेठी की बौद्ध कुमारी और अंबेडकरनगर की श्रेया राज संयुक्त रूप से प्रथम स्थान पर रहीं। अमेठी की शिवानी को दूसरा स्थान मिला। मुुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि का श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज के प्रबंधक शशि प्रकाश सिंह तथा कुलानुशासक डॉ. वेद प्रकाश सिंह ने अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। समारोह में जिला विद्यालय निरीक्षक सत्येंद्र कुमार सिंह, कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. आनंद प्रकाश सिंह, प्रशासनिक अधिकारी अतुल कुमार सिंह, आईटीआई के प्रधानाचार्य वैभव प्रताप सिंह, श्री विश्वनाथ पीजी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मनोज सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक अतुल प्रताप सिंह ने किया।
पांच जनपदों के 300 खिलाड़ी कर रहे प्रतिभाग
65वीं मंडलीय युवा क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में अयोध्या मंडल के सभी पांच जनपदों बाराबंकी, अमेठी, अंबेडकरनगर, सुल्तानपुर और अयोध्या के लगभग 300 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। श्री विश्वनाथ इंटर कॉलेज के प्रवक्ता देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर रहे खिलाड़ियों की आवासीय व्यवस्था व खानपान का इंतजाम किया गया है।