सुल्तानपुर। सहकारी बैंक प्रबंध समिति के चुनाव की अंतिम मतदाता सूची में भी गड़बड़ी के आरोप लगे हैं। सूची में कई अर्ह समितियों को बाहर व गड़बड़ समितियों को शामिल करने का आरोप लगा है। फिलहाल आपत्तियों के निस्तारण का दावा करते हुए सूची प्रकाशित कर दी गई है।
सहकारी बैंक के डायरेक्टर के 14 पदों के होने वाले चुनाव को लेकर दो दिन पहले प्रकाशित अनंतिम मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगा था। गड़बड़ियों पर विभिन्न समितियों की ओर से शुक्रवार को करीब 35 आपत्तियां दाखिल की गई थीं। शनिवार को निर्वाचन अधिकारी की देखरेख में आपत्तियों का निस्तारण करते हुए अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया।
अंतिम सूची प्रकाशित होते ही फिर गड़बड़ियों का आरोप लगा है। निवर्तमान कोऑपरेटिव चेयरमैन विजय मिश्र ने निर्वाचन अधिकारी पर अर्ह समितियों को बाहर करने व कुछ समितियों के सदस्यों को बाहर निकालने का आरोप लगाया है। साथ ही अयोग्य समितियों को सूची में शामिल करने का भी आरोप लगाया है।
आरोप लगाया कि हनुमानगंज, शाहगढ़ की कौहार व गौरीगंज की एक समिति को बाहर कर दिया गया। जादीपुर की श्रम संविदा सहकारी संघ से दो सदस्यों को बाहर निकाल दिया गया जबकि अयोग्य सहकारी संघ हनुमानगंज को सूची में शामिल कर लिया गया।
इसके अलावा अन्य कई समितियों में भी गड़बड़ी की गई है। इस संबंध में निर्वाचन अधिकारी अमित सिंह ने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर मतदाता सूची तैयार की गई है। साक्ष्यों के आधार पर ही समितियों को बाहर व शामिल किया गया है। 22 को चुनाव होगा।