सुल्तानपुर। बारिश और चक्रवात की आशंका को देखते हुए जिले के सभी स्कूल शनिवार को बंद रहेंगे। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के निर्देश पर जिला विद्यालय निरीक्षक सूर्य प्रकाश सिंह और बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता ने इस संबंध में आदेश जारी किया है। आदेश के तहत जिले में संचालित सभी परिषदीय, माध्यमिक और अन्य स्कूलों में शनिवार को शिक्षण कार्य स्थगित रहेगा। अधिकारियों ने विद्यालय प्रबंधकों और प्रधानाचार्यों को आदेश का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। मौसम खराब होने के कारण विद्यार्थियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह निर्णय लिया गया है। मौसम की स्थिति के अनुसार आगे भी आवश्यक निर्णय लिया जा सकता है।