भदैंया (सुल्तानपुर)। ब्लाॅक मुख्यालय पर बृहस्पतिवार को हुई रोजगार सेवकों व पंचायत सहायकों की बैठक में बीडीओ ने कड़ा रुख दिखाया। उन्होंने पंचायत स्तर पर शिकायत के बाद उन पर कार्रवाई व वेतन रोकने की भी बात कही। इसे लेकर पंचायत सहायकों व रोजगार सेवकों में उहापोह की स्थिति बनी रही।
विकासखंड सभागार में रोजगार सेवकों व पंचायत सहायकों की बैठक बीडीओ दिव्या सिंह की मौजूदगी में हुई है। इसमें काम में लापरवाही बरतने वाले रोजगार सेवकों व पंचायत सहायकों के मानदेय पर रोक लगाने की बात बीडीओ ने कही। शासन के मुताबिक गांव के लोगों को परिवार रजिस्टर की नकल पंचायत भवन पर ही पंचायत सहायकों को बनाकर दिए जाने का निर्देश है। गांव से यदि अनियमितता की शिकायत मिली या फिर पंचायत भवन पर तैनात पंचायत सहायक नदारद रहते हैं तो उन पर कार्रवाई की जाएगी।
बीडीओ ने कहा कि रोजगार सेवक मनरेगा के काम में सहयोग दें, डाटा फीडिंग समय से कराएं ताकि भुगतान करने में समस्या न हो। कहा कि यदि रोजगार सेवक व पंचायत सहायक की शिकायत में लापरवाही पाई गई तो उनके मानदेय पर रोक लगा दी जएगी। इस मौके पर वरिष्ठ लिपिक संजय पांडेय, मनरेगा प्रभारी ओमशंकर पांडेय, सभी ग्राम पंचायत के रोजगार सेवक के अलावा कुछमुछ पंचायत सहायक तबस्सुम बानो व सरायअचल पंचायत सहायक प्रियंका यादव आदि लोग मौजूद रहे।