दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। थाना क्षेत्र के मदनपुर खुर्द गांव में बृहस्पतिवार रात मायके में पत्नी का चाकू से गला रेतने के मामले में नया मोड़ आ गया है। सोमवार को दोस्तपुर थाने पर पहुंची आरोपी पति की बहन ने अपनी ही भाभी व उसके घर वालों पर भाई के पेट में चाकू से प्रहार कर घायल करने का आरोप लगाया है। पीड़िता का कहना है उसका भाई शनिवार को गंभीर रूप से घायल अवस्था में उसके पास पहुंचा। उसे कादीपुर सीएचसी से मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर किया गया। वहां से उसे ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया। वहां उनका इलाज चल रहा है। पीड़िता की तहरीर पर घायल पत्नी उसके भाई समेत चार लोगों के खिलाफ दोस्तपुर थाने में सोमवार को केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र के मदनपुर खुर्द निवासी नाथू निषाद की पुत्री सोनी निषाद (25) की शादी कादीपुर कोतवाली के धनाइतपुर निवासी सोनू निषाद से हुई थी। बताया जा रहा है कि सोनी का उसके पति सोनू से कुछ दिन पहले झगड़ा हो गया था। इसके बाद सोनू परदेश चला गया था। सोनी अपने पिता नाथू के साथ मायके चली गई थी। सोनू निषाद बृहस्पतिवार को मदनपुर खुर्द गांव पहुंचा था। रात में सोनू पत्नी सोनी को बुलाकर गांव के बाहर नाले के पास ले गया था।
आरोप है कि वहीं उसने सोनी निषाद के मुंह में कपड़ा भर कर उसका गला चाकू से काट दिया था और वहां से भाग निकला था। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर से चिकित्सकों ने सोनी को जिला अस्पताल अंबेडकर नगर रेफर कर दिया था। वहां उसका इलाज चल रहा है। सोनी के चचेरे भाई राम सूरत की तहरीर पर आरोपी पति सोनू के खिलाफ जानलेवा हमला करने का केस दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी फरार था।
सोमवार को इस मामले में नया मोड़ तब सामने आया जब आरोपी पति सोनू की बहन ज्योति निवासिनी सोनगांव थाना अकबरपुर जिला अंबेडकरनगर दोस्तपुर थाने पर पहुंची। उसने थाने पर अपनी भाभी व उसके भाई के खिलाफ तहरीर दी। उसका आरोप है कि 27 जुलाई की रात उसकी भाभी सोनी उसके भाई सोनू को लेकर अपने साथ घर से बाहर गई थीं।
वहां सोनी, उसके बड़े भाई दिनेश, छोटे भाई चंद्रेश की पत्नी सेखा व एक अज्ञात व्यक्ति ने मिलकर उनके भाई सोनू के पेट में चाकू से प्रहार कर उसे नाले के पास छोड़ दिया था। किसी तरह से उसका भाई गंभीर हालत में घर पहुंचा और आपबीती बताई। इसके बाद ज्योति सोनू को लेकर कादीपुर सीएचसी गई। वहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मेडिकल कॉलेज से फिर उसके भाई को ट्राॅमा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है। प्रभारी निरीक्षक लक्ष्मीकांत मिश्र ने बताया कि ज्योति की तहरीर पर पुलिस ने सोनी के बड़े भाई दिनेश व छोटे भाई चंद्रेश की पत्नी सेखा व सोनी समेत एक अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।