सुल्तानपुर। मोतिगरपुर क्षेत्र के पारसपट्टी गांव में शुक्रवार शाम एक मकान की स्लैब डालते समय अचानक बल्ली टूट जाने से पूरी छत मजदूरों के साथ नीचे गिर पड़ी। मलबे में तीन मजदूर दब गए। तीनों को बाहर निकालकर सीएचसी पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने एक मजदूर को मृत घोषित कर दिया।
यह हादसा पारसपट्टी निवासी श्याम कुमार के मकान निर्माण के दौरान हुआ। शुक्रवार को मकान की स्लैब पड़ रही थी। शाम करीब साढ़े चार बजे अचानक स्लैब के नीचे लगाई गई बल्ली टूट गई और पूरी छत भर-भराकर नीचे गिर पड़ी। हादसे में तीन मजदूर मलबे में दब गए। चीख-पुकार के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
लोगों ने मलबे से तीनों मजदूरों को बाहर निकाला। घायल दयाराम (45) निवासी मैनेपारा, राम आसरे (30) निवासी आलापुर चंदौली थाना कादीपुर और एक अन्य मजदूर को लेकर सीएचसी पहुंचायार गया। चिकित्सक ने दयाराम को मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने हादसे की छानबीन की। दयाराम की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि दयाराम के परिवार में पत्नी मनभावती देवी, बेटी चंद्रा (26), माधुरी (18), संध्या (17) और इकलौता बेटा राजन (15) है।