सुल्तानपुर। दो दिन पूर्व सड़क हादसे में कोलकाता में जिले के एक दिव्यांग युवक की मौत हो गई। सोमवार को उसका शव घर पहुंचा तो कोहराम मच गया।
जयसिंहपुर क्षेत्र के आयुबपुर निवासी विनोद जायसवाल अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कोलकाता के पानागढ़ में रहकर कबाड़ का व्यवसाय करते थे। दो दिन पूर्व कोलकाता में ही विनोद अपने चचेरे भाई बबलू जायसवाल (31) के साथ बाइक से धार्मिक अनुष्ठान में शामिल होने जा रहे थे। इस दौरान एक जीप ने बाइक को टक्कर मार दी थी। दुर्घटना में विनोद और बबलू गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां चिकित्सकों ने विनोद को मृत घोषित कर दिया था। पोस्टमॉर्टम के बाद सोमवार को विनोद का शव पैतृक गांव आयुबपुर पहुंचा तो कोहराम मच गया। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक के परिवार में दिव्यांग पत्नी सोनिया, बेटी सेजल (7), पुत्र शिवांश (4) व एक साल की शिवांशी हैं।