भदैंया (सुल्तानपुर)। कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के लखनऊ-वाराणसी रेलखंड पर अभियाकला कुर्मियनवा गांव के पास शनिवार रात ईयरफोन लगाकर घूमना युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। उसे आ रही पैसेंजर ट्रेन की आवाज नहीं सुनाई दी। इसी बीच वह ट्रेन की चपेट में आ गया और मौत हो गई। घटना की जानकारी होने के बाद परिवार में कोहराम गया।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अभियाकला कुर्मियनवा गांव में शनिवार देर रात फोन पर बात कर रहे युवक के लिए इयरफोन लगाना घातक हो गया। गांव निवासी अनिल कुमार वर्मा (21) अपने घर से शनिवार रात इयर फोन लगाकर बात करते हुए लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक के पास पहुंच गया। वह फोन पर लगाकर बात कर रहा था।
इसी बीच वहां से गुजर रही वाराणसी-सुल्तानपुर पैसेंजर ट्रेन की आवाज उसे नहीं सुनाई दी। ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद गुजरी दूसरी ट्रेन के चालक ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी।
उधर काफी देर बाद तक घर न पहुंचने पर अनिल के परिजनों को संदेह हुआ। तलाश करने पर अनिल का शव रेलवे ट्रैक के पास क्षत-विक्षत हालत में पड़ा मिला। उसकी मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अनिल के पिता शिव प्रसाद वर्मा की पहले ही मौत हो चुकी है। वह तीन भाइयों में मझला था।