अमेठी। जिले में विद्युत आपूर्ति के लिए अमावां (रायबरेली) से गौरीगंज 132 केवीए उपकेंद्र तक आने वाली विद्युत लाइन में शनिवार रात करीब आठ बजे अचानक फॉल्ट आ गया। रात में 132 केवीए की मेन लाइन में फॉल्ट आने से जिले की आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। जिले की करीब 22 लाख की आबादी 17 घंटे बिजली से महरूम रही। एचएएल कोरवा समेत कई औद्योगिक इकाइयों में भी कामकाज बाधित हुआ। रायबरेली-सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जिला मुख्यालय से करीब तीन किमी दूर स्थित 132 केवीए उपकेंद्र के माध्यम से पूरे जिले को विद्युत आपूर्ति की जाती है। गौरीगंज स्थित 132 केवीए उपकेंद्र पर अमावां-रायबरेली से सीधी लाइन आई है। शनिवार रात करीब आठ बजे अचानक अमावां-गौरीगंज के बीच की 132 केवीए लाइन में फॉल्ट हो गया, जिससे पूरे जिले की आपूर्ति बंद हो गई। रात में मेन लाइन पर ब्रेक डाउन होने से पावर कॉर्पोरेशन से जुड़े अधिकारियों के हाथ-पांव फूल गए। कर्मचारी रात भर फॉल्ट ढूंढने में जुटे रहे लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। आपूर्ति ठप होने से हलकान अधिकारियों के नेतृत्व में रविवार सुबह से ही कर्मचारियों की टीम दोबारा लाइन में आए फॉल्ट को ढूंढने में जुटी। पूर्वाह्न करीब 11 बजे जायस के पास मेन लाइन का इंसुलेटर खराब पाया गया। दोपहर करीब एक बजे फॉल्ट ठीक होने के बाद जिले की आपूर्ति व्यवस्था बहाल हो सकी। इस बीच एचएएल कोरवा समेत जिले की कई औद्योगिक इकाइयों का कार्य ठप रहा।