सुल्तानपुर। द्वारचार के दौरान मकान का छज्जा ढहने से मासूम बच्ची समेत 10 लोग घायल हो गए। तीन लोगों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि सात लोगों को अमेठी जिले के मुंशीगंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कुड़वार थाना क्षेत्र के सूबेदार का पुरवा (बेला पश्चिम) निवासी शरीफ उर्फ गौसुद्दीन की पुत्री साइमा बानो की शादी प्रतापगढ़ जिले के अठेहा गांव निवासी नसीर के साथ तय थी। बुधवार की दोपहर बारात सूबेदार का पुरवा गांव पहुंची थी। द्वारचार के दौरान शरीफ के मकान के छज्जे पर काफी लोग खड़े थे। तभी अचानक छज्जा ढह गया। छज्जे के मलबे की चपेट में बच्चे और महिलाएं आ गईं। छज्जा ढहने से तहीरुन निशां (40) पत्नी सलीम, आबिदा (60) पत्नी सब्बीर, शिफा (5) पुत्री अनवर निवासी बेला पश्चिम थाना कुड़वार गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि सात अन्य लोग भी घायल हो गए। परिवारीजन आनन-फानन में तीन लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया। सात अन्य लोगों को परिवारीजनों ने अमेठी जिले के मुंशीगंज थाना क्षेत्र में स्थित संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।