सुल्तानपुर। शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में सरेराह एक बालिका का कार सवार चार युवकों ने अपहरण कर लिया। बालिका ने शोर मचाया तो आस-पास के लोग वहां पहुंचे लेकिन तब तक अपहर्ता उसे अगवा कर फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटना स्थल से एक मोबाइल फोन बरामद किया है। देर शाम तक किसी ने कोई तहरीर कोतवाली में नहीं दी है। कोतवाली नगर क्षेत्र के मुरारीदास की गली में एक लड़की पैदल जा रही थी। तभी वहां एक कार आकर रुकी। कार से तीन युवक नीचे उतरे और लड़की को खींचकर कार में बैठाने लगे। बालिका ने शोर मचाया लेकिन तब तक युवक उसे लेकर भाग निकले। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी। सूचना के बाद हरकत में आई कोतवाली पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ की। पुलिस को घटना स्थल से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस अंदेशा जता रही है कि मोबाइल फोन बालिका या फिर अपहरणकर्ताओं का होगा। इस बाबत नगर कोतवाल जितेंद्र गिरि ने बताया कि पुलिस मोबाइल को सर्विलांस पर लगाकर जांच में जुटी है।