गौरीगंज। रविवार को जिले के 11 केंद्रों पर आयोजित आईटीआई प्रवेश परीक्षा में अव्यवस्थाएं हावी रहीं। एक हजार से अधिक परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्रों पर केंद्र का नाम गलत अंकित होने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा। इससे कई परीक्षा से वंचित रह गए। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के भी कोई इंतजाम नहीं किए गए थे। दो पाली में आयोजित परीक्षा में कुल 671 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। प्रवेश परीक्षा में जिले के कुल 6225 परीक्षार्थियों को हिस्सा लेना था। परीक्षार्थियों को कोई दिक्कत न हो इसके लिए की गई तमाम तैयारियों के बावजूद परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्था दिखी। एक हजार से अधिक परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र पर गौरीगंज के परीक्षा केंद्र शिवनायक सिंह सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का नाम शिवनरायण सिंह सरस्वती उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और अमेठी के शिव प्रताप इंटर कॉलेज का नाम शिव प्रसाद इंटर कॉलेज अंकित होने से परीक्षार्थियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वहीं, अमेठी स्थित तीन कॉलेजों को परीक्षा केंद्र बनाया गया एसडीएम अजय श्रीवास्तव व तहसीलदार राजनारायण त्रिपाठी ने परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। हालांकि निरीक्षण में सबकुछ सामान्य मिला।