सोलर लाइट के खर्च पर लगी रोक
अमर उजाला ब्यूरो
अमेठी। विकास खंड क्षेत्र संग्रामपुर स्थित ग्राम पंचायतों में सोलर/स्ट्रीट लाइट पर बगैर कार्ययोजना की फीडिंग व अनुमति के पैसे खर्च किए जा रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों की शिकायत के बाद डीएम ने मामले की जांच के निर्देश दिए थे। बीडीओ ने मामले की जांच तकनीकी अभियंता संग्रामपुर पी लाल को सौंपी थी। तकनीकी अभियंता ने जांच रिपोर्ट में बताया है कि ग्राम पंचायतों में लगाई गयी सोलर/स्ट्रीट लाइटें मानक के अनुरूप नहीं हैं। लाइटें निर्धारित न्यूनतम समय पांच वर्ष से पहले ही अक्रियाशील हो गई हैं। इसके अतिरिक्त इन सोलर लाइटों का स्टेटस डायरेक्ट्री में भी फीड नहीं कराया गया हैं। अवर अभियंता ने मंगलवार को मामले की जांच रिपोर्ट बीडीओ को सौंपी। जांच रिपोर्ट आने के बाद बीडीओ संग्रामपुर ने सोलर/ स्ट्रीट लाइटों के व्यय पर रोक लगाते हुए लगी हुई सभी लाइटों का सत्यापन करने का निर्देश दिया। साथ ही मंगलवार देर शाम मामले की जांच रिपोर्ट सीडीओ को भेज दी।