धम्मौर (सुल्तानपुर)। क्षेत्र में शनिवार की शाम करीब पांच बजे तेज हवा की वजह से 33 केवी लाइन की आपूर्ति ठप हो गई। जिसकी वजह से धम्मौर विद्युत उपकेंद्र से जुड़े तीनों फीडरों से जुड़े 90 गांवों की बत्ती गुल हो गई। व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए कर्मचारियों की कड़ी मशक्कत के बाद रविवार को सुबह करीब आठ बजे बिजली आपूर्ति बहाल हुई।
सुल्तानपुर से धम्मौर विद्युत उपकेंद्र को आने वाली 33 केवी की लाइन शनिवार की शाम पांच बजे तेज हवा की वजह से ब्रेकडाउन हो गई। इस लाइन से जुड़े धम्मौर विद्युत उपकेंद्र के तीनों फीडर की सप्लाई ठप हो गई, जिसकी वजह से करीब 90 गांवों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बंद हो गई। बिजली न आने से ग्रामीणों को रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी। आपूर्ति बहाल करने के लिए कर्मचारियों को करीब 15 घंटे से भी अधिक लग गए। उसके बाद जाकर आपूर्ति शुरू हो सकी।
क्षेत्र के संतोष, पवन, बिपिन, प्रमोद कुमार, राकेश कुमार, मुन्ना आदि ने बताया कि शनिवार सायं पांच बजे से रविवार को सुबह आठ बजे के बीच महज एक घंटे ही बिजली मिल पाई है। अघोषित बिजली कटौती से उपभोक्ताओं में नाराजगी है। जेई सहाबुद्दीन ने बताया कि तेज हवा से लाइन में फॉल्ट आ गया था। इसकी वजह से बिजली आपूर्ति बंद थी। फॉल्ट ठीक कराकर बिजली आपूर्ति बहाल करा दी गई है।