सुल्तानपुर। जिले में पीएम स्वनिधि योजना की दूसरी किस्त की 888 पत्रावलियां विभिन्न बैंकों में लंबित पाई गई हैं। इससे पात्रों को योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। बैठक में प्रकरण आने पर डीएम ने लीड बैंक अधिकारी को जल्द पत्रावलियों को निस्तारित कराने का निर्देश दिया है।
विकास भवन सभागार में सोमवार को उद्योग बंधु व व्यापार बंधु की बैठक हुई। इसमें हाईमॉस्ट लाइटों की खराबी, बिरसिंहपुर बाजार में जिला पंचायत की दुकानों का निर्माण समेत अन्य मामले उठे। व्यापारियों की ओर से प्रकरण उठाने पर डीएम ने हाईमास्ट लाइटों को दुरुस्त कराने व अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत को दुकानों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया है। अन्य समस्याओं के निराकरण का निर्देश भी संबंधित को दिया।
जिला उद्योग बंधु की बैठक में ग्राउंड सेरेमनी में एमओयू हस्ताक्षर करने वाले निवेशकों की समस्याओं का मामला भी उठा। सुनवाई के बाद डीएम जसजीत कौर ने 100 निवेशकों की समस्याओं को दूर करने का निर्देश संबंधित को दिया। नगर पालिका चेयरमैन प्रवीन अग्रवाल को बैंक गारंटी वापस कराने का निर्देश दिया गया।
निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित समस्याओं को दूर करने व भारत सरकार के उद्यम पोर्टल पर पंजीयन के लिए चलाए जा रहे अभियान के बारे में जानकारी दी गई। इसके अलावा अन्य बिंदुओं पर चर्चा हुई। इस मौके पर सीडीओ अंकुर कौशिक, पालिका चेयरमैन प्रवीन अग्रवाल, रवींद्र त्रिपाठी व अनूप श्रीवास्तव समेत कई व्यापारी व अधिकारी मौजूद रहे।