अमेठी। कोतवाली क्षेत्र के गांव तिवारीपुर मजरे बरियापुर निवासी तहसील अधिवक्ता राजकमल तिवारी (32) शुक्रवार सुबह तहसील जाते समय अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें उपचार के लिए सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया था। वहां भी इलाज के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। शुक्रवार देर शाम लखनऊ ले जाते समय अधिवक्ता की रास्ते में मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवारीजनों में कोहराम मच गया। शुक्रवार देर रात सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव का पंचनामा कराकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।