21 घंटे तक फेल रहा लंभुआ
रेलवे स्टेशन का नेटवर्क
क्रासर-
200 यात्रियों को दिए गए मैनुअल टिकट, परेशान रहे यात्री,
अमर उजाला ब्यूरो
लंभुआ(सुल्तानपुर)। उतरेटिया-जफराबाद रेल खंड के अंतर्गत स्थित लंभुआ स्टेशन पर बुधवार की दोपहर करीब चार बजे टिकट मशीन ने काम करना बंद कर दिया। रेलवे अधिकारियों की मानें तो कंप्यूटर का नेटवर्क अचानक फेल हो गया। उस समय ड्यूटी पर मौजूद रेलवे कर्मी ने यह जानकारी स्टेशन अधीक्षक को दी। इसके बाद उच्चाधिकारियों को भी समस्या से अवगत कराया गया। उच्चाधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हो सका। बृहस्पतिवार की सुबह भी ट्रेनों का टिकट बनने में समस्या रही। टिकट नहीं बनने पर यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टेशन पर मौजूद रेलवे कर्मियों ने हालात को देखते हुए मैनुअल टिकट बनाना शुरु कर दिया। यात्रियों को मैनुअल टिकट दिया गया। इस दौरान विभिन्न ट्रेनों में आरक्षण टिकट के लिए पहुंचे यात्रियों को भी निराश लौटना पड़ा। मैनुअल टिकट बनाने में हो रही देरी की वजह से कई यात्रियों ने बिना टिकट ही गंतव्य की ओर प्रस्थान किया। कांउटर पर नेटवर्क की कमी से खराब हुई मशीन की वजह से करीब 200 लोगों को मैनुअल टिकट दिया गया। इस बाबत स्टेशन अधीक्षक रणविजय ने बताया कि बृहस्पतिवार की दोपहर करीब एक बजे नेटवर्क ठीक होने के बाद टिकट वितरण पूर्ववत शुरु हो गया है।