जल्द ओडीएफ होंगे
जिले के पांच गांव
क्रासर
गांवों के सत्यापन के लिए अधिकारी नामित
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। शासन के निर्देश पर गांवों को वाह्य प्रसाधन मुक्त कराने के लिए जिला प्रशासन की ओर से जिले के अलग-अलग 79 गांवों में ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए ट्रिंगरिंग कार्य कराया जा चुका है। प्रशासन को अलग-अलग ब्लॉकों के पांच गांवों में स्थित सभी घरों में प्रसाधन निर्माण पूरा होने की रिपोर्ट मिली है। ग्राम प्रधान व पंचायत सचिव की संयुक्त रिपोर्ट के बाद संबंधित बीडीओ ने उसका स्थलीय सत्यापन कर सीडीओ को रिपोर्ट दी है। रिपोर्ट मिलने के सीडीओ ने ब्लॉकवार अलग-अलग जिला स्तरीय अधिकारी नामित करते हुए क्रॉस जांच कर सत्यापन रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। सत्यापन रिपोर्ट आने के बाद विकास विभाग व जिला प्रशासन की ओर से इन गांवों को वाह्य प्रसाधन मुक्त घोषित किया जाएगा। डीपीआरओ बनवारी सिंह ने बताया कि जिन गांवों में ट्रिंगरिंग कार्य पूरा हो चुका है उनमें जैसे-जैसे प्रसाधन निर्माण का कार्य पूरा होगा उन गांवों को वाह्य प्रसाधन मुक्त घोषित किया जाता रहेगा। फिलहाल जिन गांवों को ओडीएफ करने की रिपोर्ट सीडीओ को मिली है उनमें गौरीगंज ब्लॉक के गांव बासूपुर, भेंटुआ के खंडहर व घुरहा, अमेठी के राजापुर कोहरा तथा बहादुरपुर के बघेल गांव शामिल हैं। सीडीओ नेे गौरीगंज में जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी, भेटुआ में परियोजना निदेशक, अमेठी में जिला कृषि अधिकारी व बहादुरपुर में जिला सेवा योजन अधिकारी को नामित कर सत्यापन रिपोर्ट मांगी है।