दूबेपुर/अमहट(सुल्तानपुर)। लखनऊ-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित अमहट क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप को मंगलवार रात बदमाशों ने निशाना बनाया। असलहे की नोक पर बदमाशों ने चार सेल्समैनों को बंधक बनाया। 50 हजार की नकदी व एक सेल्समैन का मोबाइल लूटकर फरार हो गए।
कोतवाली नगर क्षेत्र के अमहट क्षेत्र में स्थित केबीएस पेट्रोल पंप पर मंगलवार की रात सेल्समैन मुकेश पांडेय, हरीश तिवारी, कौशर खान व रामचंद्र मौर्य ड्यूटी पर थे। मुकेश पांडेय का कहना है कि रात्रि करीब साढ़े 12 बजे चार अज्ञात बदमाश आ धमके। पेट्रोल पंप के सेल्समैन मुकेश पांडेय का कहना है कि नकाबपोश बदमाश असलहा दिखाकर सभी को केबिन में ले गए और बंधक बना लिया। वहां 50 हजार रुपये और एक मोबाइल छीन लिया। इसके बाद वे सभी फरार हो गए।
बदमाशों के जाने के बाद सेल्समैन मुकेश ने पेट्रोल पंप मालिक कसीर अहमद को सूचित किया। सूचना मिलते ही एसपी सोमेन वर्मा, एएसएपी विपुल श्रीवास्तव, सीओ सिटी राघवेंद्र चतुर्वेदी घटनास्थल पर पहुंचे। अधिकारियों की मौजूदगी में करीब तीन घंटे तक पुलिस टीम ने सघन पड़ताल की। एसपी सोमेन वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। वारदात के खुलासे के लिए स्वाट व अन्य टीमें लगाई गई हैं।
अमहट स्थित पेट्रोल पंप में हुई लूट की वारदात के मामले मेें पुलिस के सामने कई चुनौतियां हैं। मुकेश ने बताया कि पेट्रोल पंप का सीसीटीवी कैमरा तीन दिन पहले ही खराब हो गया था। इस वजह से घटना के समय लुटेरों की फुटेज नहीं बन सकी है। इससे लुटेरों को पकड़ना पुलिस के लिए आसान नहीं है।