पौधरोपण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
क्रासर
कलेक्ट्रेट सभागार में हुई तैयारी की समीक्षा बैठक
फोटो संख्या-22
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने के लिए शासन ने जुलाई से सितंबर माह तक वृहद पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक पौध रोपित करवाने की योजना बनाई है। कार्यक्रम सफल हो सके इसके लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम की अध्यक्षता में तैयारियों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में डीएम ने सभी विभागों के लिए पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित करते हुए सात दिन में स्थल चयन व पौधों की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आदेश दिया है। बैठक में डीएम ने बीएसए व डीआईओएस को प्रति विद्यालय कम से कम 40 पौधे रोपित करने का आदेश देते हुए ग्राम्य विकास विभाग को 74 हेक्टेयर में 81,300 पौधे, उद्यान विभाग को आठ हेक्टेयर में 8,570 पौधे, नगर विकास विभाग को सात हेक्टेयर में 7,740 पौधे, बेसिक शिक्षा विभाग को 80 हेक्टेयर में 88,000 पौधे, माध्यमिक शिक्षा विभाग को छह हेक्टेयर में 6,530 पौधे, लोक निर्माण विभाग को सात हेक्टेयर में 7,740 पौधे तथा सिंचाई विभाग को आठ हेक्टेयर में 9,200 पौधे रोपित करने के लिए स्थल चयन व पौधों की व्यवस्था करने का आदेश दिया है। डीएम ने स्थल चयन व पौधों की व्यवस्था नहीं होने तथा लक्ष्य के अनुरूप पौधे रोपित नहीं होने पर कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है। बैठक में डीएफओ एपी यादव सहित सभी एसडीएम व अन्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी मौजूद रहे।