सुल्तानपुर। चालक के पद पर नौकरी की तलाश कर रहे लोगों के लिए सुनहरा मौका है। परिवहन निगम की ओर से चालकों के 38 रिक्त पदों को भरने के लिए संविदा के आधार पर भर्ती निकाली गई है। बुधवार को रोडवेज की अमहट स्थित कार्यशाला में चालकों का टेस्ट लिया जाएगा।
सुल्तानपुर रोडवेज डिपो में वर्तमान में 125 चालक कार्यरत हैं। इसमें 47 नियमित व 78 संविदा कर्मी चालक हैं। संविदा चालक के लिए कक्षा आठ पास होना जरूरी है। निगम ने संविदा पर रिक्तियां निकालते हुए कहा है कि जरूरी अर्हता रखने वालों का टेस्ट लेकर चयन किया जाएगा। बुधवार को सुबह 10 बजे से रोडवेज की अमहट स्थित कार्यशाला में चालकों का टेस्ट लिया जाएगा।
एआरएम नागेंद्र प्रसाद पांडेय ने बताया कि संविदा चालक के लिए माह में 22 दिन ड्यूटी और पांच हजार किमी पूरे करने पर तीन हजार रुपये का प्रोत्साहन दिया जाता है। इसके अलावा चालक को न्यूनतम 12,450 रुपये वेतन और रात्रि भत्ता का भुगतान अलग से दिया जाएगा। नई भर्ती वालों को भी यह सुविधा दी जाएगी।