सुल्तानपुर। शहर में जीआईसी के पीछे स्थित वेंडिंग जोन में व्यवसाय के लिए 354 चबूतरे तकरीबन तैयार हो गए हैं। बारिश के चलते खराब हुए कुछ चबूतरों की मरम्मत कराई जा रही है। अधिकारियों की योजना सांसद के अगले दौरे के दौरान वेंडिंग जोन का शुभारंभ कराने की है।
ठेला व पटरी दुकानों से शहर में जाम की समस्या को देखते हुए सांसद मेनका गांधी की पहल पर जीआईसी के पीछे साल भर से वेंडिंग जोन में चबूतरे बनाए जा रहे हैं। इसके लिए दो किस्तों में सांसद, एमएलसी व शहर विधायक ने अपनी निधि से धनराशि दी है। फर्श, प्रसाधन व लाइट का काम पूरा कराने के बाद कार्यदायी संस्था ने टिनशेड भी लगवा दिया है। लगभग 354 चबूतरे बनकर तैयार हो गए हैं।
फर्श में कुछ घटिया ईंटों का प्रयोग किए जाने से बारिश के दौरान कुछ चबूतरे खराब हो गए। टिनशेड का काम पूरा कराने के बाद कार्यदायी संस्था आरईडी की ओर से ईंट के फर्श की मरम्मत कराई जा रही है। मरम्मत होने के बाद कार्यदायी संस्था इसे नगर पालिका को हैंडओवर कर देगी। इसके बाद ठेला व पटरी दुकानदारों को चबूतरे का आवंटन किया जाएगा।
आवंटन के बाद सब्जी मंडी के ज्यादातर दुकानदारों के शिफ्ट हो जाने की संभावना है, इससे जाम की समस्या पर अंकुश लगने के आसार हैं। सहायक अभियंता आलोक सिंह ने बताया कि चबूतरों का काम लगभग पूरा हो गया है। कुछ जगहों पर मरम्मत कराने के बाद पालिका को हैंडओवर कर दिअ जाएंगे।