सुल्तानपुर। अयोध्या में 22 जनवरी को भव्य प्राण प्रतिष्ठा समारोह और प्रधानमंत्री समेत देश के अनेक वीवीआईपी की मौजूदगी के कारण पड़ोसी जिला सुल्तानपुर भी अलर्ट मोड पर है। किसी भी तरह के आपातकाल के लिए यहां के अस्पतालों को भी तैयार कर दिया गया है। सभी मेडिकल स्टाफ व चिकित्सकों की अवकाश रद्द करने के साथ ही जिले में 320 बेड भी आरक्षित कर दिए गए हैं।
प्राण प्रतिष्ठा समारोह को लेकर शासन के निर्देश पर जिले में भी व्यापक तैयारियां चल रही हैं। इसमें सुरक्षा के अलावा सबसे अधिक तैयारी स्वास्थ्य विभाग के स्तर पर हो रही है। बड़ी संख्या में लोगों के सुल्तानपुर होकर अयोध्या जाने की तैयारियों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने 31 जनवरी तक अलर्ट व्यवस्था की है। इसके तहत मेडिकल कॉलेज में किसी भी आपात स्थिति के लिए पीकू वार्ड के 50 बेड आरक्षित कर दिए गए हैं। सीएमएस एसके गोयल ने बताया कि यहां सभी प्रकार के प्रबंध किए गए हैं।
उधर, सीएमओ ने सभी अवकाश निरस्त करते हुए जिले के सभी 15 सीएचसी पर छह-छह और 45 पीएचसी पर चार-चार बेड आरक्षित करवा दिए हैं। सीएमओ डॉ. ओम प्रकाश चौधरी ने बताया कि यह व्यवस्था 31 जनवरी तक यथावत रहेगी क्योंकि 22 के बाद भी बड़ी संख्या में लोग दर्शन-पूजन के लिए अयोध्या जाएंगे।