सुल्तानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों के निर्धारण के लिए शुरू हुई कवायद पहले ही चरण में फेल होती नजर आ रही है। इसके चलते ही 344 विद्यालयों में से अब तक सिर्फ 39 विद्यालयों ने आधारभूत सूचनाओं का डेटा अब तक अपडेट किया है। जबकि चेतावनी के बाद भी 305 विद्यालयों के संचालक डेटा अपडेट करने को लेकर उदासीन बने हैं।
इस पर नाराजगी जताते हुए जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर ने इस पर सख्त नाराजगी जताई है। साथ ही चेताया है कि मंगलवार तक आधारभूत सूचनाओं का डेटा अपडेट न करने वाले राजकीय व एडेड विद्यालयों के प्रधानाचार्यों का वेतन रोकने और वित्त विहीन विद्यालयों की मान्यता खत्म किए जाने की कड़ी कार्रवाई शुरू होगी।
बोर्ड परीक्षाओं के केंद्रों का निर्धारण करने के लिए इस बार ऑनलाइन व्यवस्था है। इसके लिए सभी विद्यालयों को अपने यहां मौजूद भौतिक संसाधनों से जुड़ी सभी सूचनाएं माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट पर अपडेड कर फीड करने का निर्देश दिया गया था
डीआईओएस ने यह सूचनाएं 15 जुलाई तक अपडेट करने का निर्देश दिया था। लेकिन दो सप्ताह बीत जाने के बाद भी अभी तक मात्र 39 विद्यालयों ने ही वेबसाइट पर सूचनाएं अपडेट की हैं।