सुल्तानपुर। जिले के 45 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें जुकाम-बुखार व खांसी के मरीज अधिक रहे। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें दवाइयां दी। मेले में 2,707 मरीजों का इलाज किया गया। इस दौरान 25 लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित जन आरोग्य मेले में ज्यादातर मरीज जुकाम, बुखार व खांसी से पीड़ित रहे। कुड़वार के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अझुई में डाॅ. कंचन लता व चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. वेदांत ने मरीजों का इलाज कर उन्हें दवाइयां दी। डॉ. वेदांत ने बताया कि आयुष्मान कार्ड धारकों का मुफ्त इलाज हो रहा है।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरखीपुर अलीगंज भंड़रा समेत अन्य स्थानों पर करीब 401 मरीजों की जांच कर उन्हें दवाइयां दी गईं। दोस्तपुर के पीएचसी छीतेपट्टी में ज्यादातर मरीज बुखार, जुकाम, बीपी व ब्लडप्रेशर के पहुंचे।
सीएमओ डॉ. ओम प्रकाश ने बताया कि सभी 45 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित जन आरोग्य मेले में 71 चिकित्सकों व 318 पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी लगाई गई थी। 2,707 मरीजों का इलाज किया गया। 641 लोगों की कोविड स्क्रीनिंग की गई। 25 लोगों ने आयुष्मान कार्ड बनवाए।