सुल्तानपुर। पौधरोपण के लिए 22 सरकारी नर्सरियों का चयन किया गया है। ये नर्सरियां 27 विभागों को पौधों की निशुल्क आपूर्ति करेंगी। 22 जुलाई को एक ही दिन में 22 लाख पौधे राेपने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी तैयारी अंतिम चरण में पहुंच गई है।
शासन की ओर से जिले को इस बार 51 लाख पौधों के रोपण का लक्ष्य दिया गया है। लक्ष्य मिलने के बाद प्रशासन ने विभागवार पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित कर दिया है। पंचायतराज विभाग, ग्राम विकास, मनरेगा, राजस्व, पीडब्ल्यूडी समेत 27 विभागों को पौधरोपण की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रशासन के निर्देश पर वन विभाग की ओर से सभी विभागों को पौधे निशुल्क उपलब्ध कराने के लिए 22 सरकारी नर्सरियों को आवंटित कर दिया है। विभाग के मुताबिक ब्लॉकवार स्थित नर्सरियों से विभागों को स्थानीय स्तर पर पौधों को उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें 27 विभागों की ओर से 22 जुलाई को एक ही दिन 22 लाख पाैधे रोपे जाएंगे।
प्रशासन के निर्देश पर सभी विभागों ने 22 जुलाई को कराए जाने वाले पौधरोपण की तैयारियां पूरी करने का दावा किया है। कई विभागों ने गड्ढे की खुदाई करके पौधों की उठान कर ली है। प्रभागीय वन निदेशक आरके त्रिपाठी ने कहा कि विभागों को गुणवत्तायुक्त पौधों निशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कुछ विभाग अभी तक पूरे पौधों की उठान नहीं कर सके हैं।