सुल्तानपुर। कमला नेहरू भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान के कृषि संकाय में अध्ययनरत एमएससी फाइनल ईयर जेनेटिक्स एंड प्लांट ब्रीडिंग के 20 छात्र-छात्राएं बीते सात माह से परीक्षा परिणाम आने का इंतजार कर रहे हैं। रिजल्ट न आने के कारण छात्र वांछित नौकरी पाने के लिए आवेदन करने के साथ ही पीएचडी में दाखिला तक नहीं ले पा रहे हैं।
कमला नेहरू भौतिक एवम सामाजिक विज्ञान संस्थान के एमएससी कृषि के जेनेटिक एंड प्लांट ब्रीडिंग के फाइनल ईयर (चतुर्थ सेमेस्टर) की परीक्षा नवंबर 2022 में हुई थी। परीक्षा में 20 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। परीक्षा खत्म हुए सात माह का समय बीत जाने के बावजूद अवध विश्वविद्यालय ने अभी तक परीक्षा परिणाम घोषित नहीं किया है।
ऐसे में एमएससी की पढ़ाई पूरी कर चुके विद्यार्थी रोजगार की तलाश कही भी आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। दिसंबर 2022 के बाद हुई कई परीक्षाओं के रिजल्ट घोषित किए जा चुके हैं, लेकिन एमएससी एजी जेनेटिक एंड प्लांट ब्रीडिंग का चतुर्थ सेमेस्टर का रिजल्ट अभी तक अटका पड़ा है।
इस संबंध में कमला नेहरू भौतिक एवं सामाजिक विज्ञान संस्थान के प्राचार्य प्रो आलोक कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा परिणाम घोषित नही होने से विद्यार्थियों को काफी परेशानी उठाना पड़ रही है। परिणाम घोषित करने के लिए अवध विश्वविद्यालय को कई बार पत्र भेजा जा चुका है।