65 करोड़ से सुधरेगी 730
किलोमीटर सड़कों की दशा
क्रासर
पीडब्ल्यूडी ने शासन से मांगी धनराशि
जल्द शुरू होगा मरम्मत का कार्य
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। जिले की सभी तहसीलों में निर्माण के बाद से बदहाल पड़ी 730 किलोमीटर ग्रामीण सड़कों की मरम्मत का कार्य जल्द कराया जाएगा। कवायद सफल हो सके इसके लिए शासन के निर्देश पर बदहाल सड़कों को चिह्नित करते हुए पीडब्ल्यूडी ने शासन को आगणन भेजकर 65.51 करोड़ रुपये की भारी-भरकम धनराशि आवंटित करने की मांग की है। ग्रामीणों की सुविधा के लिए शासन ने लोक निर्माण विभाग, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग व प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के माध्यम से अरसा पूर्व बनी सड़कों की मरम्मत कराने की योजना बनाई है। कवायद सफल हो सके इसके लिए प्रमुख सचिव ने डीएम व लोक निर्माण विभाग को पत्र भेजकर जिले के बदहाल सड़कों को चिह्नित करते हुए आगणन भेजने का निर्देश दिया है। सचिव का पत्र मिलने के बाद विभाग ने सर्वे कराया तो जिले की करीब 730 किलोमीटर सड़कें मरम्मत योग्य मिलीं। सड़कों का सर्वे करवाने के बाद पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड ने 730 किलोमीटर लंबी सड़कों की मरम्मत के लिए 65 करोड़ 51 लाख 35 हजार के खर्च का आगणन तैयार करते हुए शासन से धनावंटन की मांग की है। शासन से धनावंटन के बाद ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत का काम संबंधित विभाग की निगरानी में शुरू कराया जाएगा।