शिकायतों के निस्तारण को 80 टीमें गठित
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। पुलिस अधीक्षक पूनम ने संपूर्ण समाधान दिवस तथा थाना समाधान दिवस पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण में देरी के मद्देनजर नई कवायद शुरू की है। एसपी ने थानावार जिले में कुल 80 टीमों का गठन किया है। एएसपी बीसी दुबे ने बताया कि यह टीमें दिवसों के दिन प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए उसी दिन राजस्व टीमों के साथ मौके पर जाएंगी। प्रत्येक टीम में एक उपनिरीक्षक व दो सिपाही शामिल किए गए हैं। दिवसों में आने वाली शिकायतों का निस्तारण अब हर हाल में तीन दिवस के भीतर करना होगा। एएसपी ने बताया कि गौरीगंज, मुंशीगंज, अमेठी, संग्रामपुर, पीपरपुर, मुसाफिरखाना, जगदीशपुर, मोहनगंज, शिवरतनगंज, जायस व बाजार शुकुल में छह-छह तो जामों व फुरसतगंज में पांच-पांच व कमरौली में चार टीमों का गठन किया गया है। निस्तारण कार्य में लापरवाही बरतने तथा राजस्व कर्मियों को पुलिस बल उपलब्ध नहीं कराने की दशा में संबंधित थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी तय करते हुए विभागीय कार्रवाई की जाएगी।