खुदीराम बोस के बलिदान दिवस पर रक्तदान
फोटो संख्या-9
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। आजाद समाज सेवा समिति के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को शहीद खुदीराम बोस के बलिदान दिवस पर जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्तदान किया। आयोजित गोष्ठी को संबोधित करते हुए समिति के अध्यक्ष अशोक सिंह ने कहा कि 1908 में खुदीराम बोस फांसी के फंदे पर झूलकर शहीद हो गए थे। ऐसे शहीदों और देशभक्तों की बदौलत हम सभी आजादी की जिंदगी जी रहे हैं। समिति के प्रवक्ता निजाम अहमद खान व उपाध्यक्ष दिलीप सिंह ने कहा कि रक्त के अभाव में जिंदगी और मौत से संघर्ष करने वाले व्यक्ति की मौत हो जाती है। रक्तदान कर हम जरूरतमंदों की जान बचा सकते हैं। इसके पहले संस्था के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने प्रभात फेरी निकाली। इस मौके पर वैभव मिश्र, मकसूद अंसारी, अरविंद यादव, इमरान खान, संदीप शर्मा समेत तमाम लोग मौजूद रहे। उधर, शहीद स्मारक सेवा समिति के तत्वावधान में शहीद खुदीराम बोस का बलिदान दिवस मनाया गया। सुबह करीब सात बजे शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। इसके बाद समिति के पदाधिकारी व कार्यकर्ता जिला अस्पताल के ब्लड बैंक में पहुंचकर रक्तदान किया। इस मौके पर शहीद स्मारक सेवा समिति के अध्यक्ष करतार केशव यादव, रघुनाथ, सुशील श्रीवास्तव, जीपी तिवारी, अमित सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।