दरोगा पर पैसा लेकर चार्जशीट लगाने का आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। अमेठी थाने में तैनात एक दरोगा ने विपक्षियों से मिलीभगत कर फर्जी मामले में आरोपी बनाए गए व्यक्ति के खिलाफ चार्जशीट लगा दी। मामले की जानकारी होने के बाद पीड़ित ने अधिकारियों को शिकायती पत्र देकर पुनर्विवेचना कराने की मांग की है। अमिया थाना गौरीगंज निवासी राम अवधेश सिंह ने मंगलवार को एएसपी बीसी दुबे से मिलकर शिकायती पत्र दिया। शिकायती पत्र को आधार मानें तो पूर्व में उनके पड़ोसी ने उन पर व उनके तीन पुत्रों के खिलाफ गौरीगंज थाने में सरकारी तालाब में जबरन गेहूं बोकर काटने का केस दर्ज कराया था। इस मामले की विवेचना पूर्व में गौरीगंज थाने में तैनात रहे दरोगा को मिली थी। अवधेश की मानें तो मामले में फाइनल रिपोर्ट लगाने के लिए दरोगा ने उनसे चार हजार रुपये मांगे थे। अवधेश की मानें तो पैसा नहीं देने पर दरोगा ने उनके व पुत्रों के खिलाफ जबरन चार्जशीट लगा दी। अवधेश ने दरोगा के विपक्षियों से मिलकर चार्जशीट लगाने के मामले की जांच करने के साथ ही मामले की पुनर्विवेचना कराने की मांग की है। इस बाबत एएसपी ने मामले की जांच कराने की बात कही है।