दूबेपुर (सुल्तानपुर)। निर्माणाधीन सुल्तानपुर-वाराणसी फोरलेन पर रोड लाइटें लगाने का काम शुरू कर दिया गया है। पहले चरण में अमहट से तुराबखानी मोड़ तक डिवाइडर पर पोल लगाए जा रहे हैं। जल्द ही इस व्यस्ततम हाईवे पर प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी।
लखनऊ-वाराणसी फोरलेन पर मौजूदा समय में अमहट चौराहे के पहले स्थित हाजी पेट्रोल पंप तक ही प्रकाश व्यवस्था है। इसके आगे सड़क चौड़ीकरण का काम दूसरी फर्म को मिला है। इसके चलते रोड लाइट लगाने का काम अधूरा रह गया था जिसे अब पूरा किया जा रहा है।
अमहट से लोहरामऊ तक चार चरणों में रोड लाइटें लगाई जाएंगी। पहले चरण में अमहट स्थित हाजी पेट्रोल पंप से लेकर तुराबखानी मोड़ (रानीगंज) तक लाइटें लगेंगी। लगभग तीन किलोमीटर के इस दायरे में 30-30 मीटर की दूरी पर 82 खंभे लगाए जाएंगे। इनमें से 79 खंभों की ऊंचाई 10 मीटर और पयागीपुर ओवरब्रिज के मुहाने पर लगाए जाने वाले तीन पोल नौ मीटर ऊंचे होंगे।
चारों लेन की सड़क पर पर्याप्त रोशनी के लिए हर खंभे पर 200 वॉट क्षमता की दो एलईडी लाइट्स लगाई जाएंगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के परियोजना निदेशक (वाराणसी) आरएस यादव ने बताया कि पहले चरण में कुल 164 स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। डिवाइडर पर खंभे लगाने के लिए फाउंडेशन बना दिए गए हैं। शीघ्र ही खंभे व लाइट्स भी लगवा दी जाएंगी।