गर्भवती महिलाओं को
मिलेगा निशुल्क ब्लड
क्रासर
नहीं देना होगा सर्विस चार्ज
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। मातृ मृत्यु दर की रोकथाम के लिए शासन ने सार्थक पहल की है। गर्भवती महिलाओं को अब निशुल्क ब्लड दिया जाएगा। महिलाओं से इसके बदले कोई सर्विस चार्ज नहीं लिया जाएगा। ब्लड के बदले किसी भी परिवारीजन को ब्लड डोनेट करने की भी जरूरत नहीं होगी। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव ने सूबे के उप महाप्रबंधक ब्लड सर्विसेज को शासन की मंशा को पूरा करने के लिए लिखित आदेश दिया है। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव अरुण कुमार सिन्हा ने उप महाप्रबंधक ब्लड सर्विसेज डॉ. एबी सिंह को पत्र लिखकर गर्भवती महिलाओं को निशुल्क रक्त मुहैया कराने का आदेश दिया है। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अमित सिंह ने बताया कि चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव अरुण कुमार सिन्हा के आदेश की कॉपी मिली है। शासन के मंशा के अनुरूप गर्भवती महिलाओं को ब्लड दिया जाएगा। जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वीबी सिंह ने बताया कि चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण उत्तर प्रदेश शासन के प्रमुख सचिव अरुण कुमार सिन्हा के आदेश का अनुपालन हर हाल में सुनिश्चित कराया जाएगा। आदेश की कॉपी मिली है। उल्लेखनीय है कि गर्भवती महिलाओं से रक्त के लिए सर्विस चार्ज और परिवारीजनों की ओर से ब्लड डोनेट किए जाने पर ही रक्त देने की शिकायत बीते दिनों भाजपा नेता और लंभुआ विधायक देवमणि दूबे ने की थी। इस संबंध में उन्होंने नौ जून 2017 को प्रमुख सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण उत्तर प्रदेश शासन को पत्र लिखा था।