सुल्तानपुर। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति योजना के तहत रविवार को नौवीं से 11वीं तक के 1,359 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। शहर के केशकुमारी बालिका इंटर कॉलेज और राजकीय इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था। दोनों केंद्रों पर सुबह 10 से एक बजे तक परीक्षा हुई।
केशकुमारी में परीक्षा के लिए 709 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। यहां 683 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, 26 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। वहीं राजकीय इंटर कॉलेज में 718 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। यहां 676 ने परीक्षा दी जबकि 42 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे।
जिले के कुल 1,427 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। परीक्षा में कुल 68 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। पिछले साल 1,397 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। 1345 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी जबकि 52 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे थे।
इस साल विद्यार्थियों की संख्या में थोड़ा सा इजाफा हुआ। पिछले साल की तुलना में 14 विद्यार्थी बढ़ गए। जिला विद्यालय निरीक्षक रविशंकर ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण रही। दोनों केंद्रों पर जिले के विद्यार्थियों ने परीक्षा दी।