सुल्तानपुर। शहर के सराफा व्यवसायी से सगे भाइयों ने लखनऊ में भूमि दिलाने के नाम पर 1.10 करोड़ रुपये की ठगी की। व्यवसायी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
कोतवाली नगर क्षेत्र के लखनऊ नाका निवासी वरुण कुमार सोनी की चौक में दुकान है। उनकी दुकान पर काफी समय से शास्त्रीनगर निवासी रविंद्र कुमार आता-जाता था। कोराेना काल में वरुण ने रविंद्र की सलाह पर अपना पैसा जमीन में लगाने का विचार बना लिया था।
आरोप है कि रविंद्र कुमार ने उन्हें बताया कि उसने लखनऊ में प्लासियों माल के पास जमीन लिखवाया है। उसने वरुण को लखनऊ ले जाकर भूमि भी दिखाई। वरुण ने कई लोगों से पैसा इकट्ठा करके 27 मार्च 2021 को रविंद्र कुमार को 1.10 करोड़ रुपये दिए।
रविंद्र कुमार व उसके सगे भाई शैलेंद्र कुमार ने लगभग 15 बीघा जरीबी भूमि अपनी बताते हुए इकरार नामा की छायाप्रति भी दिखाई थी। कुछ समय बीत जाने के बाद भी पैसा व जमीन न मिलते देख वरुण ने पड़ताल की तो उसे पता चला कि लखनऊ में रविंद्र कुमार व शैलेंद्र कुमार की कोई जमीन ही नहीं है।
उनकी तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ ठगी समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। कोतवाल राम आशीष उपाध्याय ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
फर्जी बिल्डर बनकर दे दिया 35 लाख का चेक
कोतवाली नगर क्षेत्र के रामा शापिंग काम्पलेक्स चौक निवासी रमेशचंद्र गर्ग ने रविंद्र कुमार व शैलेंद्र कुमार समेत तीन लोगों के खिलाफ ठगी का केस दर्ज कराया है। आरोप है कि रविंद्र कुमार ने खुद को बिल्डर बताते हुए काम्पलेक्स बनाने का झांसा दिया। इस पर रमेश एग्रीमेंट करने को तैयार हो गया। एग्रीमेंट के तहत 35 लाख रुपये का चेक रमेश को दिया। उन्होंने जब बैंक में चेक लगाया तो वह बाउंस हो गया। उनकी तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने सगे भाइयों समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।